#मिशन शक्ति अभियान के तहत सुलह-समझौते से फिर एक हुए 8 दंपती, उपहार देकर किया सम्मानित
परिवार परामर्श केंद्र में मध्यस्थता से सुलझाए गए पारिवारिक विवाद, दंपतियों से लिया गया फीडबैक
#बलिया मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बलिया पुलिस ने पारिवारिक विवादों के निस्तारण की दिशा में पहल करते हुए सुलह-समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से आठ दंपतियों का पुनर्मिलन कराया। शुक्रवार को पुलिस कार्यालय स्थित पारिवारिक विवाद निस्तारण केंद्र एवं महिला सहायता प्रकोष्ठ में आयोजित कार्यक्रम में पुनर्मिलन करने वाले दंपतियों और उनके परिजनों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं मिशन शक्ति के नोडल प्रभारी दिनेश कुमार शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला सहायता प्रकोष्ठ प्रभारी उपनिरीक्षक विनेष और परिवार परामर्श केंद्र की टीम ने मध्यस्थता के माध्यम से पारिवारिक विवादों का समाधान कराया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी लाइन ने आठों दंपतियों एवं उनके परिजनों को उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने दंपतियों और उनके परिजनों से उनके वर्तमान पारिवारिक जीवन के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने दंपतियों को आपसी संवाद, विश्वास, सामंजस्य और सहयोग बनाए रखते हुए सुखद पारिवारिक जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया।
इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराना, दंपतियों के बीच संबंधों को मजबूत करना और परिवारों में सौहार्द एवं सामंजस्य स्थापित करना है।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन मंजरी राव, मुरली मनोहर टाउन पीजी कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग के हेड एवं डीन प्रोफेसर डॉ. राम नरेश यादव, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी पूजा सिंह तथा महिला समाज कल्याण विभाग की अंजली सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बलिया पुलिस के अनुसार, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ ही पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण तथा बिछड़े परिवारों को फिर से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
#BalliaPolice #MissionShakti #MissionShaktiPhase6 #बलिया #पारिवारिकविवाद #परिवारपरामर्शकेंद्र #महिलासशक्तिकरण #दांपत्यजीवन