#मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिला चौपालों का आयोजन कर बांटे गए पंपलेट, #गुड टच-#बैड टच और साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
#बलिया
मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बलिया पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला चौपालों का आयोजन कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर सभी थानों की महिला सुरक्षा दलों और एंटी रोमियो टीमों द्वारा विद्यालयों, कस्बों, गांवों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। महिला चौपालों में महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मसम्मान बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया गया। उन्हें बताया गया कि यदि किसी परिचित या अपरिचित व्यक्ति के व्यवहार अथवा स्पर्श से असहज महसूस हो तो तत्काल वहां से हटकर अपने अभिभावक, शिक्षिका या पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए।
महिला सुरक्षा दलों ने वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपात सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया गया।
वहीं, एंटी रोमियो टीमों ने धार्मिक स्थलों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों, विद्यालयों के आसपास और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। आवश्यकतानुसार चेतावनी देते हुए नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
बलिया पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा महिला सुरक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल बनाना है।
#BalliaPolice #MissionShakti #MissionShaktiPhase6 #महिलासुरक्षा #महिलासशक्तिकरण #बलियापुलिस #साइबरसुरक्षा #एंटीरोमियोटीम