#मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को, डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज होंगे दावे और आपत्तियां, 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों पर नया बूथ बनाने के निर्देश
#बलिया। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण और मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण की समय-सारिणी निर्धारित की गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदेय स्थलों का सम्भाजन एवं पुनर्स्थापन दो नवंबर तक पूरा किया जाएगा। निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर तक होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को निर्धारित है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नए मतदाताओं, विशेषकर 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए 17 से 24 अक्टूबर तक विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पात्र युवाओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की संख्या की समीक्षा भी की गई। निर्देश दिया गया कि जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, वहां नया बूथ बनाने की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही सभी बूथों का भौतिक सत्यापन कराने पर जोर दिया गया। सत्यापन के दौरान मतदान केंद्र, मतदेय स्थल, मतदाताओं की संख्या, जेंडर रेशियो और ईपी रेशियो से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन संबंधी सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।