बारहठ महाविद्यालय में 'एक शिक्षक-एक वृक्ष' अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण
प्रकृति की सेवा ही सच्ची राष्ट्र सेवा : गेंदालाल
भीलवाड़ा/शाहपुरा:सुभाष व्यास। श्री प्रताप सिंह बारहठ राजकीय महाविद्यालय में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) उच्च शिक्षा राजस्थान की शाहपुरा इकाई के तत्वावधान में रविवार को देशव्यापी 'एक शिक्षक-एक वृक्ष' अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजस्थान क्षेत्र के सहक्षेत्र कार्यवाह गेंदालाल रहे। विभाग प्रचारक दीपक तथा जिला प्रचारक केशव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने अमर शहीद कुँवर प्रताप सिंह बारहठ की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
मुख्य अतिथि गेंदालाल ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना आज वैश्विक आवश्यकता है। 'एक शिक्षक-एक वृक्ष' अभियान केवल संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और पालन-पोषण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
महासंघ के जिला अध्यक्ष एवं महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. पुष्करराज मीणा ने कहा कि महासंघ राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहा है। शिक्षा से जुड़े लोगों का दायित्व समाज को सही दिशा देना है।
कार्यक्रम में सह प्रचार प्रमुख धर्मनारायण वैष्णव, महाविद्यालय के संकाय सदस्य, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय इकाई सचिव डॉ. रंजीत जगरिया के निर्देशन में किया गया।