संगम विश्वविद्यालय के दिल्ली एनसीआर चैप्टर का शुभारंभ, पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित। भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल
संगम विश्वविद्यालय, भीलवाड़ा के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज
(AIU), नई दिल्ली में दिल्ली एनसीआर चैप्टर के अंतर्गत पूर्व छात्र मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस
अवसर पर दिल्ली एनसीआर चैप्टर का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डिप्टी
डायरेक्टर ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट एंड एलुमनाई रिलेशन्स डॉ. अनुराग शर्मा, ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व छात्र एवं
विशिष्ट अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों के आत्मीय स्वागत के
साथ हुआ, जिसने पूरे आयोजन के लिए सकारात्मक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण निर्मित किया।
संगम यूनिवर्सिटी वाईस चांसलर प्रो करुणेश सक्सेना ने अपने उद्बोधन में बताया के यह आयोजन न केवल पूर्व
छात्रों के साथ पुनः जुड़ने का एक सशक्त माध्यम बना, बल्कि विश्वविद्यालय एवं उसके एलुमनाई नेटवर्क के
बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ।कार्यक्रम में विभिन्न
प्रतिष्ठित शिक्षाविदों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। प्रो. पामेला सिंगला (दिल्ली
विश्वविद्यालय), प्रो. जी. एस. टोटेजा (पूर्व आईसीएमआर एवं निदेशक, इंटरसिव हेल्थकेयर), डॉ. अविनाश
चौधरी (नेशनल आईएससी) एवं डॉ. अजय सिंघल (सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, जी आर इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड) ने
अपने संबोधन में पूर्व छात्रों को करियर उन्नति, उद्योग की अपेक्षाओं एवं शिक्षा के व्यावहारिक उपयोग पर
महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उनके विचारों ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रेरित किया। समारोह में
विश्वविद्यालय के प्रो. लोकेश त्रिपाठी एवं अतुल पराशर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने इस अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन एवं उसके सभी सदस्यों को
आयोजन की हार्दिक बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि यह एसोसिएशन भविष्य में भी वर्तमान विद्यार्थियों के
हित में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर अतिथियों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उनकी उपस्थिति एवं योगदान
के लिए आभार व्यक्त किया गया। इसके पश्चात एक इंटरएक्टिव चर्चा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व
छात्रों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए तथा उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम एवं
प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में संगम विश्वविद्यालय के पूर्व
छात्रों की विविध एवं उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली, जो वर्तमान में न्यूज18, डेलॉइट, पीडब्ल्यूसी,
जेनपैक्ट, कैपजेमिनी, नागारो, सिएना कम्युनिकेशंस, रिलायंस जनरल इंश्योरेंस, एडोबी सिस्टम्स,
आरएमएसआई सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं। यह विविधता विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों की
व्यापक उपलब्धियों एवं उनके पेशेवर योगदान को दर्शाती है।
इस पूर्व छात्र मिलन समारोह के अनेक महत्वपूर्ण परिणाम सामने आए। इसमें पूर्व छात्र सहभागिता को सशक्त
बनाने, वर्तमान विद्यार्थियों के लिए मेंटरशिप प्लेटफॉर्म विकसित करने, उद्योग एवं शिक्षा के मध्य समन्वय को
और मजबूत करने तथा भौगोलिक एवं क्षेत्रीय आधार पर एलुमनाई क्लस्टर विकसित करने जैसे प्रमुख बिंदुओं
पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय की आगामी गतिविधियों जैसे गेस्ट लेक्चर,
इंटर्नशिप अवसर एवं प्लेसमेंट ड्राइव्स में सक्रिय भागीदारी की इच्छा भी व्यक्त की। कार्यक्रम के समापन पर सभी
प्रतिभागियों में अपने संस्थान के प्रति गर्व, अपनत्व एवं भविष्य में निरंतर सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से
परिलक्षित हुई।