बेगूसराय में 45 प्रशिक्षु BPSC अधिकारियों का सात दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण शुरू, जीविका दीदियों के साथ गांवों में करेंगे प्रवास
चार प्रखंडों में पांच दिनों तक ग्रामीण जीवन, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को समझेंगे प्रशिक्षु अधिकारी, 28 नवंबर को होगा समापन।
बेगूसराय। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से चयनित 45 प्रशिक्षु अधिकारियों के चौथे फाउंडेशन बैच के लिए बेगूसराय में सात दिवसीय एक्सपोजर कम विलेज इमर्शन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। जीविका, बेगूसराय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण जीवन की वास्तविक परिस्थितियों और विकास योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से रूबरू कराना है।
सोमवार को एक स्थानीय होटल में आयोजित परिचय एवं प्रारंभिक ब्रीफिंग सत्र में प्रशिक्षु अधिकारियों को बिहार में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जीविका की भूमिका, संस्थागत संरचना और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठन, संकुल स्तरीय संघ, महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण आजीविका संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया गया कि किस तरह जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिला उद्यमिता, स्वरोजगार, आयवर्धक गतिविधियों और सामाजिक बदलाव को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामुदायिक संस्थाओं की भूमिका से भी अवगत कराया गया।
चार प्रखंडों में जीविका दीदियों के साथ करेंगे गांवों में प्रवास
प्रारंभिक ब्रीफिंग के बाद बिपार्ड, गया से आए सभी 45 प्रशिक्षु अधिकारी बेगूसराय सदर, बरौनी, चेरिया बरियारपुर एवं मटिहानी प्रखंडों में पांच दिनों तक क्षेत्रीय भ्रमण और ग्राम प्रवास करेंगे। इस दौरान वे जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण जीवनशैली, स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली और विभिन्न आजीविका गतिविधियों को नजदीक से समझेंगे।
इसके अलावा ग्रामीण परिवारों से सीधा संवाद कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय जरूरतों और विकास कार्यों में आने वाली चुनौतियों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
प्रशासनिक प्रशिक्षण को मिलेगा जमीनी अनुभव
यह कार्यक्रम प्रशिक्षु अधिकारियों के प्रशासनिक प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। गांवों में प्रवास के दौरान अधिकारियों को ग्रामीण परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे भविष्य में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में संवेदनशीलता, जनभागीदारी और जनोन्मुखी दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन 28 नवंबर को आयोजित सत्र के साथ होगा। इसके बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारी बिपार्ड, गया लौट जाएंगे।
इस अवसर पर जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अविनाश कुमार सहित प्रबंधक बृजेंद्र कुमार, मनोज कुमार मधुकर, राजीव कुमार, श्याम सुंदर भगत, उदय शंकर चंदन, अमरजीत कुमार, सुधीर कुमार, भवानी शंकर, पंकज कुमार, ज्योति कुमारी, ओम कश्यप, संतोष कुमार सहित जीविका के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने अपने कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षु अधिकारियों को जानकारी दी।