मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के तहत सहायक उपकरण वितरण शिविरों के प्रचार-प्रसार हेतु प्रचार वाहन रवाना
छपरा, 13 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला पदाधिकारी सारण, श्री वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि निर्धारित थी जिसके तहत मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण जिले के सदर अनुमंडल सहित चिह्नित चार प्रखंडों बनियापुर दरियापुर अमनौर तथा माझी में क्रमेण विभिन्न तिथियों को शिविर आयोजित किए जाएंगे। आयोजित होने वाले इन शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आज जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर प्रचार वाहन को रवाना किया।
इन शिविरों के माध्यम से संबल एवं एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। प्रचार वाहन के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में शिविरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी इसकी जानकारी प्राप्त कर शिविरों का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमतापूर्वक पहुंचाना, उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन को अधिक सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाना है। जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे शिविरों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचें तथा योजना का लाभ उठाएं।
Saharsa, Bihar | Oct 13, 2026