Public App Logo
टीकमगढ़ में किसान के घर घुसा रसेल वाइपर: सर्प मित्र ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा, लोगों से दूर रहने की अपील टीकमगढ़ के नयाखेरा गांव में गुरुवार को एक किसान के घर में दुनिया का सबसे जहरीले सांपों में से एक रसेल वाइपर घुस गया। किसान बृजेश विश्वकर्मा के खेत पर बने घर में सांप को देखकर परिवार और आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्नेक रेस्क्यू टीम को दी‌। सूचना मिलते ही सर्प मित्र अमर सिंह लोधी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी सावधानी और कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने खतरनाक रसेल वाइपर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। राहत की बात यह रही कि सांप के घर के अंदर होने के बावजूद किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और एक बड़ा हादसा टल गया। सर्प मित्र अमर सिंह लोधी ने बताया कि बारिश के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास कोई सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं। उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे पकड़ने या मारने का प्रयास बिल्कुल ना करें। तुरंत स्थानीय प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जाए। "सर्प मित्र अमर सिंह ने बताया कि रसेल वाइपर दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में गिना जाता है। इसके दांत अन्य सांपों की तुलना में बड़े होते हैं और जहर की मात्रा अधिक होती है।" - Tikamgarh News