➡️ आठनेर एवं आसपास के ग्रामों में विकास कार्यों को मिली गति, विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
➡️ केंद्रीय मंत्री श्री उईके एवं विधायक श्री खंडेलवाल ने विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
➡️ आठनेर में सड़क निर्माण एवं शहीद स्मारक सौंदर्यीकरण सहित सातनेर और जावरा में विकास कार्यों की सौगात
जिले के आठनेर क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके और प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान आठनेर नगर परिषद में सड़क निर्माण एवं शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। वहीं ग्राम सातनेर में नवनिर्मित अटल सुशासन भवन तथा ग्राम जावरा में सामुदायिक मंगल भवन का लोकार्पण कर ग्रामीणों को विकास कार्यों की सौगात दी गई।
➡️ आठनेर में 52.72 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन
आठनेर नगर परिषद में विशेष निधि से 52.72 लाख के लगत के स्वीकृत दो विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें बस स्टैंड से रेस्ट हाउस तक 27 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा 25 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक के सौंदर्यीकरण का कार्य शामिल है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा शहीद स्मारक परिसर का सौंदर्यीकरण होने से उसका स्वरूप और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनेगा।
➡️ सातनेर में 37.49 लाख की लागत से बने अटल सुशासन भवन का लोकार्पण
बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने ग्राम सातनेर में 37 लाख 49 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल सुशासन भवन (ग्राम पंचायत कार्यालय) का विधिवत पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। उन्होंने नवीन भवन का अवलोकन कर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बधाई दी। विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि अटल सुशासन भवन का निर्माण गांव के हृदय स्थल पर उपयुक्त स्थान का चयन कर सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप में किया गया है। पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र होता है, जहां गांव के विकास एवं जनसमस्याओं के निराकरण से जुड़े कार्य संचालित होते हैं। नवीन भवन से पंचायत के कामकाज को बेहतर सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर विधायक श्री खंडेलवाल ने ग्राम सातनेर में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए गांव के सभी जनप्रतिनिधि मिलकर उपयुक्त स्थान का चयन करें। भवन के साथ बाउंड्रीवॉल एवं पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में बड़े आयोजनों में एक से दो हजार लोगों के एकत्रित होने पर भी असुविधा न हो।
➡️ जावरा में 25 लाख के सामुदायिक मंगल भवन का लोकार्पण, 15 लाख की अतिरिक्त सहायता घोषित
विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने ग्राम पंचायत जावरा में 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक मंगल भवन का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने भवन का अवलोकन कर ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक मंगल भवन सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इससे ग्रामीणों को विवाह समारोह, सामाजिक कार्यक्रमों एवं अन्य आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने सामुदायिक मंगल भवन परिसर को और अधिक व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए गार्डन, बाउंड्रीवॉल एवं फ्लोर निर्माण हेतु विधायक निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।
➡️ स्व-सहायता समूह की महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए बैतूल में विकसित होगा बड़ा मार्केट
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों की बिक्री में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए बैतूल में एक बड़ा मार्केट विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे समूह की महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे बाजार में बेचने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे अपने उत्पादों को अन्य स्थानों तक भी पहुंचा सकेंगी। इससे महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उनके स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
➡️ युवाओं को खेल मैदान एवं ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने के होंगे प्रयास
विधायक श्री खंडेलवाल ने क्षेत्र के युवाओं की मांग पर खेल मैदान एवं ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ओपन जिम की स्थापना के लिए भोपाल में संबंधित मंत्री को पत्र लिखकर प्रस्ताव भेजा जाएगा। मांडवी में ओपन जिम की स्वीकृति मिल चुकी है। इसी तरह जावरा में भी ओपन जिम स्थापित कराने के प्रयास किए जाएंगे। इससे बच्चे, युवा एवं बुजुर्ग सुबह-शाम व्यायाम कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे।
इस अवसर पर योग आयोग के अध्यक्ष श्री राघवेंद्र शर्मा, ,जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती रेखा पंजाबराव उइके, उप सरपंच श्री इंद्रदेव कोसे, श्री कृष्णा गायकी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गणेश जायसवाल, एसडीएम श्री अजीत मरावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
➡️ जनप्रतिनिधियों ने किया मन की बात कार्यक्रम का श्रवण
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का रविवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आठनेर में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उइके, विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, योग आयोग के अध्यक्ष श्री राघवेंद्र शर्मा, श्रीमती रेखा सोलंकी, जनपद सदस्य श्रीमती पूर्णिमा धाकड़, श्री सुधाकर पवार, श्री कृष्णा गायकी, श्री गोवर्धन राने, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।