➡️ उन्नत कृषि यंत्रों से बीज निगम फार्म में चना एवं गेहूं की बोवनी, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
प्रक्षेत्र बीज निगम फार्म बैतूल बाजार में कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संभागीय कृषि यंत्री, संभाग नर्मदापुरम श्री काशीराम कुलस्ते एवं सहायक कृषि यंत्री बैतूल डॉ. प्रमोद कुमार मीणा ने भ्रमण कर कृषि कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान बताया गया कि बीज निगम फार्म बैतूल बाजार में कुल 17.6 हेक्टेयर क्षेत्र में बोवनी का कार्य किया जा रहा है। इसमें 13 हेक्टेयर क्षेत्र में चना तथा 4.6 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बोवनी की जा रही है। फार्म में उन्नत एवं नवीन तकनीक के कृषि यंत्रों, जैसे ब्रॉड बेड फरो प्लांटर एवं रेज्ड बेड प्लांटर के माध्यम से बोवनी की जा रही है। इन यंत्रों के उपयोग से खेत में बेड बनाकर बीजों की उचित दूरी निर्धारित की जा सकती है। साथ ही बीज के साथ खाद भी निर्धारित मात्रा में एक ही समय पर जमीन में डाली जा सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि इस पद्धति से खेती करने पर फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलती है। साथ ही कम समय एवं कम श्रम में बोवनी का कार्य किया जा सकता है। इस दौरान कृषकों से भी आधुनिक कृषि यंत्रों एवं उन्नत तकनीकों को अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने का आग्रह किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Agriculture, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul