केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर उठे सवाल,,
केदारनाथ धाम से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान वीआईपी लाइन में खड़े श्रद्धालुओं के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करता हुआ दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में जवान द्वारा श्रद्धालुओं को धक्का-मुक्की करते हुए तथा उनके साथ कठोर व्यवहार किए जाने के दृश्य सामने आए हैं। वीडियो में कई श्रद्धालु असहज, डरे और सहमे हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि लाइन व्यवस्था के नाम पर बार-बार श्रद्धालुओं के साथ मारपीट जैसी स्थिति उत्पन्न की जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए "मित्र पुलिस" की छवि पर भी तंज कस रहे हैं। श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग उठ रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता एवं परिस्थितियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित विभाग की ओर से भी इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।