बलिया के बैरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 मिर्जापुर में मंगलवार तड़के बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आए 67 वर्षीय हृदय वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना से नाराज सैकड़ों ग्रामीण बैरिया पावर हाउस पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। हृदय वर्मा अपने घर से बाहर निकले थे, तभी घर के सामने से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद उन्हें नहीं बदला गया। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते जर्जर तारों को बदल दिया जाता तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
पावर हाउस पर ग्रामीणों के जुटने की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्ता और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और मिर्जापुर समेत पूरे क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग की।
सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना बैरिया को मिर्जापुर निवासी हृदयानंद वर्मा की करंट लगने से मौत की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ के अनुसार, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि क्षेत्र के जर्जर तारों को जल्द नहीं बदला गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
#Balliakhabar #bairia #ElectricShock #PowerDepartment #UttarPradesh #BreakingNews #बैरिया #बिजलीतार