• भगवान जगदीश स्वामी की रथयात्रा में हुए शामिल राजस्व मंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री
• धर्म हमें सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है - राजस्व मंत्री
• धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं - उच्च शिक्षा मंत्री
राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा और उच्च शिक्षा, तकनीकि शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार सीहोर में परमार समाज द्वारा आयोजित भगवान जगदीश स्वामी की रथयात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर निकाली गई रथयात्रा में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
रथ यात्रा कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि भगवान जगदीश स्वामी की यह रथयात्रा न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना को भी प्रकट करती है। हम सभी ने सदैव सामाजिक समरसता, परिश्रम और धर्म के मार्ग को अपनाया है। यह एकता हमारे देश की प्रगति में एक मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि धर्म हमें सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और ऐसे आयोजन नई पीढ़ियों को अपनी परंपरा से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। सरकार का यह प्रयास है कि समुदाय में एक-दूसरे के प्रति सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और भाईचारे की सकारात्मक भावना विकसित हो। ताकि सभी मिलकर अपने क्षेत्र, अपने जिले, अपने राज्य और अपने देश के विकास में सामूहिक रूप से योगदान दे सकें।
उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि भगवान जगदीश स्वामी की रथयात्रा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से परिचित कराते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति आपसी सहयोग, सद्भाव और सेवा भाव से ही संभव है। सभी नागरिकों को सामाजिक समरसता बनाए रखते हुए प्रदेश और देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक श्री सुदेश राय, पूर्व विधायक श्री रमेश सक्सेना, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री जसपाल अरोरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, श्री पंकज गुप्ता, श्री गौरव सन्नी महाजन, श्री सुदीप प्रजापति, पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे, पंडित मोहितराम पाठक, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore