*नक्सलवाद के खात्मे के बाद अब अवैध शराब के परिवहन, भण्डारण और क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*देवास में हुए हादसे के प्रति संवेदनशील है राज्य सरकार*
*खतरनाक कार्बाइन गन और प्रतिबंधित पटाखों से बच्चों को बचाएं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव*
*मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कानून व्यवस्था की स्थिति चाक-चौबंद रखने के दिए निर्देश*
*भोपाल :03 नवम्बर, 2026*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चाक-चौबंद रहना चाहिए। अपराधियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही का अभियान जारी रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में बुलाई गई बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कानून व्यवस्था की स्थिति के संबंध में चर्चा करने के पश्चात टीवी चैनल प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि प्रदेश से नक्सलवाद के खात्मे के पश्चात अब अवैध शराब के परिवहन, भण्डारण और क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध हमारी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने इस संबंध में बैठक में विस्तार से समीक्षा के पश्चात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आने वाले दीपावली पर्व पर प्रतिबंध पटाखे उपयोग में न लाने का आमजन से आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एंटी ड्रग माफिया के खिलाफ वर्ष 2029 तक कठोर कार्यवाही करने का जो निर्णय लिया गया है उसके परिपालन में आगामी दीपावली के पावन पर्व के संदर्भ में लॉ एण्ड आर्डर से संबंधित जरूरी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली पर प्राय: प्रतिबंध के बावजूद उपयोग किए जाने वाले विस्फोटक जिनसे मानव जीवन को खतरा हो सकता है, उन पर रोक लगाई गई है। अभिभावकों से भी अपने बच्चों को ऐसे पटाखों जिसमें कार्बाइन गन भी शामिल है, से बचाने का आव्हान किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते दिन देवास के पास जो घटना हुई, उसे लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली है, जिसमें सख्त निर्देश दिए गए हैं। हमारे राज्य के अंदर एन्टी ड्रग्स से लेकर जिस प्रकार की गतिविधियों को लेकर भारत सरकार ने अपेक्षा की है, उसके तहत पूरी ताकत के साथ कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया। प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारा अभियान सबसे सफल रहा। समय-सीमा के अंदर प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा किया गया। इसी प्रकार का पूरा मैकेनिज्म बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों का पूरा समूह कार्य कर रहा है। इन्हें सभी आवश्यक साधन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अवैध शराब के परिवहन, भण्डारण, अवैध शराब के क्रय विक्रय पर प्रतिबंध लगाकर पूरे राज्य में एक साथ कार्यवाही की जाए। जो लोग इन कृत्य में पाए जाएं, उन पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। देवास की घटना की जानकारी आते ही हमने मौके पर भेजा। देवास जिले में थाना प्रभारी से संबंधित दुखद घटना होते ही तत्काल मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल को मौके पर भेजा गया एवं स्पेशल डीजी उपेन्द्र जैन भी मेरे निर्देश पर मौके पर पहुंचे तथा उनके मार्गदर्शन में वर्तमान में जांच की जा रही है। आज उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी शोकाकुल परिवार से मिले और सरकार की आरे से संदेवनाएं व्यक्त की गईं। उनके द्वारा देवास के कलेक्टर, एसपी द्वारा की जा रही कार्यवाही के संबंध में चर्चा की गई। शोकाकुल परिवार की सहायता के लिए वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी की पत्नी को एसआई के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी जा रही है। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता भी दी। हम अवैध कार्रवाई करने वालों ओर शराब माफिया के खिलाफ पुलिस हमेशा डटकर खड़ी रहेगी। हमारे पुलिस जवान हमेशा ऐसे लोगों के खिलाफ हमेशा खड़े रहते हैं। प्रदेश के जिलों में अपराधियों के विरूद्ध पकड़-धकड़ की कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास की घटना में शामिल अवैध शराब के नेटवर्क के मुख्य सरगना राहुल जायसवाल को गिरफ्तर किया गया है। वाहन चालक और वाहन मालिक को भी पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस द्वारा दक्षता का परिचय देने हुए अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही की गई है। आबकारी अधिकारी अमर सिंह बघेल को निलंबित किया गया गया। पुलिस महानिदेशक को ऐसे मामलों के लिए योजना बनाकर निरंतर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।