भूतपूर्व सैनिक उतरे डॉ. हरक सिंह रावत के समर्थन में, बोले– अंकिता भंडारी मामले से ध्यान भटकाने के लिए उछाला जा रहा जेनी प्रकरण
देहरादून, 11 नवंबर 2026। उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में भूतपूर्व कैप्टन ताजबर सिंह नेगी एवं उनके साथियों ने उत्तराखंड कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के समर्थन में खुलकर सामने आते हुए जेनी प्रकरण में लगाए जा रहे आरोपों को बेबुनियाद बताया।
कैप्टन ताजबर सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जेनी प्रकरण को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में VIP को संरक्षण देने, कथित VIP दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने और अग्निवीर योजना जैसे गंभीर मुद्दों पर भाजपा जवाब देने से बच रही है। इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए डॉ. हरक सिंह रावत को निशाना बनाया जा रहा है।
कैप्टन नेगी ने कहा कि डॉ. हरक सिंह रावत की पूर्व में सीबीआई और डीएनए जांच हो चुकी है। ऐसे में उनके खिलाफ बार-बार आरोप उछालना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जांच के दौरान अलग-अलग रिपोर्टों में जिन तीन व्यक्तियों—बबलू, राजकुमार तिवारी और अजमल खान—के नाम सामने आए हैं, उनके डीएनए और नार्को टेस्ट की मांग जेनी क्यों नहीं कर रही हैं?
उन्होंने कहा कि डॉ. हरक सिंह रावत की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में बेरोजगारी, अग्निवीर योजना, अंकिता भंडारी को न्याय और अन्य तमाम गंभीर मुद्दों पर जनता जवाब मांग रही है, लेकिन भाजपा इन सवालों का जवाब देने के बजाय जेनी प्रकरण को राजनीतिक टूल की तरह इस्तेमाल कर रही है।
*कैप्टन ताजबर सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि भाजपा इसी तरह डॉ. हरक सिंह रावत के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास करती रही, तो प्रदेश के पूर्व सैनिक एकजुट होकर इसके खिलाफ बड़ा जनांदोलन खड़ा करेंगे।*
Dehradun, Dehradun | Nov 11, 2026