🚨यमकेश्वर: मोहनचट्टी में 71.61 लाख से बना आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर, योग और पंचकर्म की मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
यमकेश्वर क्षेत्र के मोहनचट्टी में आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। यहां राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए 71.61 लाख रुपये की लागत से आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर विकसित किया गया है। केंद्र में हाईटेक योग हॉल, पंचकर्म कक्ष और पहाड़ी वास्तुशैली में तैयार परिसर आकर्षण का केंद्र बनेंगे।
स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण कर वेलनेस सेंटर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
दरअसल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पूर्व में चिकित्सालय का निरीक्षण करते हुए मोहनचट्टी की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक परिस्थितियों को आयुर्वेदिक वेलनेस पर्यटन के लिए अनुकूल पाया था। इसके बाद चिकित्सालय को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने की योजना तैयार की गई। ग्रामसभा जोगियाणा, मोहनचट्टी में जिला योजना के तहत 5 फरवरी 2026 को निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिसे ग्रामीण निर्माण विभाग कोटद्वार ने पूरा कर लिया है।
नवनिर्मित केंद्र में योग, ध्यान और पारंपरिक आयुर्वेदिक उपचारों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां अभ्यंग, स्वेदन, शिरोधारा के साथ मर्म थेरेपी, अग्निकर्म और कपिंग थेरेपी जैसी उपचार सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इसके लिए विशेष उपचार कक्ष, ऑपरेशन थिएटर और पंचकर्म सहायक की व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं का लाभ विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में स्थानीय लोगों और पर्यटकों को मिल सकेगा।
इसके अलावा चिकित्सालय परिसर में हर्बल गार्डन भी विकसित किया जा रहा है। यहां विभिन्न औषधीय पौधे लगाए जाएंगे और उनके औषधीय गुणों व पारंपरिक उपयोगों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। इससे पर्यटक आयुर्वेदिक वनस्पतियों को करीब से जान सकेंगे।
ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में इस वेलनेस सेंटर से स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे संचालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। यह पहल मोहनचट्टी को आयुर्वेद और वेलनेस पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।