🚨कोटद्वार: डीएम स्वाति भदौरिया की पहल से बदली बालिकाओं की जिंदगी, स्कूलों में कराया दाखिला; पढ़ाई के साथ सीख रहीं हुनर
पौड़ी जिले के कोटद्वार स्थित सिम्बलचौड़ राजकीय किशोरी संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में रह रही बालिकाओं के जीवन में शिक्षा और कौशल विकास के जरिए नई उम्मीदें जग रही हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर केंद्र में रह रही बालिकाओं का विद्यालयों में दाखिला कराया गया है। अब बालिकाएं नियमित रूप से स्कूल जाकर पढ़ाई कर रही हैं और अपने बेहतर भविष्य के सपने संजो रही हैं।
दरअसल, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बीती 18 अक्टूबर को पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान बच्चों से बातचीत में पता चला कि वहां रह रही बालिकाएं विद्यालय नहीं जा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जिला परिवीक्षा अधिकारी को तत्काल बालिकाओं का स्कूलों में दाखिला कराने और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी संबंधित प्रयासों से बालिकाओं का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित कराया गया।
अब बालिकाओं को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए योगाभ्यास, पेंटिंग और क्राफ्टिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनाने के लिए तैयार करना है।
केंद्र की अधीक्षिका विजय लक्ष्मी भट्ट के अनुसार, बालिकाएं पढ़ाई के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रही हैं। उन्हें नियमित रूप से पेंटिंग, क्राफ्टिंग सहित अन्य कौशल विकास गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे नए हुनर सीखकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
केंद्र में रह रही बालिकाओं के सपनों को भी अब नई दिशा मिल रही है। कोई पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी हासिल करना चाहती है तो कोई देश और समाज की सेवा करने का लक्ष्य रखती है। बालिकाओं का कहना है कि वे शिक्षा और अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि संप्रेक्षण एवं पुनर्वास केंद्रों में रहने वाले बच्चों को भी शिक्षा, विकास और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके कौशल विकास और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही ऐसे अन्य बच्चों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं।