लोकतंत्र बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पर जिला कांग्रेस कमेटी ने काले कपड़े पहनकर ‘काला दिवस’ मनाया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने का विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोरी बंद करो’, ‘वोट बचाओ–लोकतंत्र बचाओ’ और ‘निर्वाचन आयोग जवाब दो’ जैसे नारे लगाए गए।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि संवैधानिक अधिकार है। निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों से जुड़े सवालों का पारदर्शी एवं तथ्यात्मक जवाब मिलना चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि संविधान, मताधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता की है।