महाकाल मंदिर में महाआरती के साथ वात्सल्य सेवा समिति ने की गौसेवा
इन्दिरा एकादशी एवं श्राद्ध एकादशी पर गौमाता को खिलाया गुड़-हरा चारा, गौसंरक्षण का लिया संकल्प
#udaipur #viralpost #nonflower
उदयपुर : इन्दिरा एकादशी एवं श्राद्ध एकादशी के पावन अवसर पर वात्सल्य सेवा समिति मेवाड़ की ओर से रानी रोड स्थित महाकाल मंदिर में महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के पश्चात समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गौमाता को गुड़ एवं हरा चारा खिलाया तथा गौसेवा एवं गौसंरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के सह महामंत्री गोपाल कनेरिया ने इन्दिरा एकादशी एवं श्राद्ध पक्ष के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में पितृ पक्ष दिवंगत पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता एवं स्मरण का विशेष काल माना गया है। इस दौरान तर्पण, पिंडदान, श्राद्ध, ब्राह्मण भोजन तथा जरूरतमंदों को दान-पुण्य करने की परंपरा रही है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक किए गए इन सत्कर्मों से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है तथा परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि बनी रहती है।
समिति अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में श्रद्धा एवं आस्था का प्रतीक हैं। गौमाता का संरक्षण एवं संवर्धन केवल धार्मिक दायित्व ही नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौसेवा एवं गौसंरक्षण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उपमहापौर दिनेश भट्ट का किया अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान समिति के संरक्षक दिनेश भट्ट के उदयपुर नगर निगम के उपमहापौर निर्वाचित होने तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर समिति की ओर से उनका पगड़ी एवं उपरना पहनाकर अभिनंदन किया गया। समिति के अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल, संरक्षक एम.एल. अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष सी.पी. बंसल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
महिला मंडल संयोजिका सुधा अग्रवाल ने आगामी नवरात्रि में आयोजित होने वाले कन्या पूजन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महिला सदस्यों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समिति के संरक्षक एवं उपमहापौर दिनेश भट्ट, राकेश मूंदड़ा, सी.पी. बंसल, गोपाल कनेरिया, एम.एल. अग्रवाल, डॉ. प्रभाष अग्रवाल, एडवोकेट निर्मल पंडित, जगदीप मंगल, नरेंद्र अग्रवाल, लज्जाशंकर नागदा, राजेंद्र सेन, श्रीरतन मोहता, जगमोहन भावसार, शिवशंकर नागदा, कार्तिकेय नागर, पूनम घारू, एडवोकेट रामजी मेघवाल, कन्हैयालाल साहू ,भगवती अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, मंजू मूंदड़ा, मणिबेन पटेल, सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Girwa, Udaipur | Oct 7, 2026