आज दिनांक 18.11.2026 को समाहरणालय, रोहतास स्थित डीआरडीए सभागार में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) तथा जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की पूर्व में आयोजित बैठकों में उठाए गए जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं समस्याओं के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत अनुपालन प्रतिवेदनों का बिंदुवार अवलोकन करते हुए कार्रवाई की वास्तविक स्थिति एवं समस्याओं के निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मुद्दों का निष्पादन केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक परिणाम धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने दिशा की बैठक से संबंधित लंबित बिंदुओं पर सभी संबंधित विभागों को अगले दो दिनों के अंदर गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिए । साथ ही संबंधित माननीय जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर की गई कार्रवाई एवं अनुपालन प्रतिवेदन की प्रति उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में जिले में संचालित कायाकल्प अभियान की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों का निर्माण एवं मरम्मती, आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार, ग्रामीण लिंक सड़कों का निर्माण, शवदाह केंद्रों का निर्माण, स्वास्थ्य उपकेंद्रों की मरम्मती तथा सार्वजनिक पोखरों एवं तालाबों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित योजनाओं में किसी भी प्रकार की तकनीकी लंबितता को एक सप्ताह के अंदर दूर करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यक्रम पदाधिकारियों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों एवं लोगों से जुड़ी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। बैठक में प्रभारी अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, नगर आयुक्त, नगर निगम सासाराम, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी जुड़े रहे।
#IPRD
#BiharGovernment
#RohtasAdministration
#PublicService
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 19, 2026