#बालाघाट
जनकल्याण शिविर में सुनी गईं ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत गुरुवार 11 जून को तिरोड़ी तहसील के ग्राम नांदी में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को उनके गांव में ही सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना था। शिविर में कुल 46 आवेदन प्राप्ती हुए थे।
शिविर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कटंगी श्री के.सी. ठाकुर, तहसीलदार श्री शांडिल्य एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गायत्री कुमार सारथी ने उपस्थित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का परीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा राजस्व, पेयजल, बिजली, सड़क, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन, आवास, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों को प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शिविर में फौती नामांतरण के एक आवेदन का मौके पर ही निराकरण किया गया और पटवारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री के साथ किसानों को ई-टोकन से उर्वरक प्राप्तर करने के लिए बकेटिंग की गई।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की। शिविर में पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से सीधे संपर्क बनाए रखने की अपील की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन द्वारा गांव स्तर पर आयोजित इस पहल की सराहना की।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minprdd #gaddeptmp
56 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 11, 2026