2027 की चुनावी जंग का आगाज़! महेंद्र भट्ट के काफिले को रोक यूकेडी ने दिखाए तेवर!!
उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने क्षेत्र की बदहाल सड़कों और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चमोली जिले के पोखरी विकासखंड के दौरे पर पहुंचे राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के काफिले को यूकेडी कार्यकर्ताओं ने रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों पर सवाल उठने लगे हैं। साथ ही यह घटनाक्रम सत्तारूढ़ दल के प्रति स्थानीय स्तर पर बढ़ते जनाक्रोश का भी संकेत माना जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को देखते हुए यूकेडी ने अभी से अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है और जनहित के सवालों पर सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है।