झारखंड के निरल पुरती को मिलेगा 2026 का उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार, 6 विधानसभा कर्मी भी होंगे सम्मानित
रांची। झारखंड विधानसभा के वर्ष 2026 के उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार के लिए मझगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक निरल पुरती का चयन किया गया है। शुक्रवार (20 नवंबर) को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में विधायी उत्कृष्टता पुरस्कार चयन समिति की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निरल पुरती को वर्ष 2026 के लिए उत्कृष्ट विधायक चुना गया।
विधानसभा अध्यक्ष के आवासीय कार्यालय, 03 कांके रोड पर आयोजित इस बैठक में चयन समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, स्टीफन मरांडी, रामचंद्र सिंह, सुरेश पासवान, वरिष्ठ पत्रकार विनय कुमार और प्रभारी सचिव-सह-सदस्य सचिव रंजीत कुमार उपस्थित रहे। स्टीफन मरांडी और रामचंद्र सिंह ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
कई बार विधायक रह चुके हैं निरल पुरती
निरल पुरती मझगांव विधानसभा क्षेत्र संख्या-53 से विधायक हैं। वे वर्ष 2005, 2014, 2019 और 2024 में विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्हें वर्ष 2026 के लिए भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
6 विधानसभा कर्मियों का भी हुआ चयन
चयन समिति ने उत्कृष्ट विधानसभा कर्मी पुरस्कार के लिए छह कर्मचारियों का चयन किया है। इन्हें स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। चयनित कर्मचारियों के नाम इस प्रकार हैं:
1. श्रीमती किरण सुमन बाखला – उपसचिव
2. श्रीमती सुषमा सिन्हा – उपसचिव
3. श्री रविकान्त समीर तिर्की – प्रशाखा पदाधिकारी
4. मो. अली अहमद – अधीक्षक
5. श्री शिवराज राम – वरीय ट्रेजरी सरकार
6. श्री संजय कुमार मेहता – अनुसेवक
22 नवंबर को विधानसभा स्थापना दिवस पर होगा सम्मान समारोह
झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 22 नवंबर 2026 को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। उत्कृष्ट विधायक निरल पुरती को राज्यपाल द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल, मोमेंटो, चांदी की शील्ड और 51 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं, चयनित छह विधानसभा कर्मियों को मुख्यमंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र, शॉल और मोमेंटो के साथ प्रत्येक को 21 हजार रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
#JharkhandNews #NiralPurty #JharkhandAssembly #RabindraNathMahato #JharkhandPolitics #RanchiNews #Jharkhand #BirsaMunda #लोकतंत्रभारत