रतलाम जिले के 187 विद्यालयों में उत्साह के साथ मनाया गया "उमंग दिवस"
आयुष्मान भारत कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूनाईटेड नेशन्स फण्ड फॉर पाप्यूलेशन एक्टिविटिज़ (UNFPA) के संयुक्त तत्वाधान एवं भारतीय ग्रामीण महिला संघ (BGMS) इन्दौर, के निर्देशन, मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग से संचालित "उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम" कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रत्येक हाईस्कूल एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में क्रियान्वित हो रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सुर्यवंशी ने बताया कि जिले के स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित 187 विद्यालयों में "उमंग दिवस" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोर एवं किशोरियों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, जीवन कौशल विकसित करना, सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ एवं जागरूक नागरिक के रूप में उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
जिला नोडल अधिकारी एवं राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर उमंग एवं उज्ज्वल श्री योगेश पाल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए विभिन्न जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की गई।
उमंग दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में आमंत्रित अतिथियों एवं विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों से संवाद किया गया। किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तन, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, मानसिक तनाव, भावनात्मक उतार-चढ़ाव, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं जीवन कौशल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी गई।
ए.डी.पी.सी. स.शि.अ. श्री अशोक लोढ़ा एवं डी.वी.सी. श्री योगेश पाल ने बताया कि उमंग दिवस मॉनीटरिंग के लिए जिला, विकासखण्ड, संकुल स्तर की लगभग 30 टीमों का गठन किया गया था। जिनके द्वारा जिले के स्कूलों में उमंग दिवस कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया।
#jansampark #ratlam
#MadhyaPradesh
16 views | Ratlam, Madhya Pradesh | Sep 23, 2026