#भरतपुर। नदबई में सोमवार शाम अग्रवाल समाज की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की शुरुआत नगर रोड स्थित अग्रवाल धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और विशेष पूजा-अर्चना के साथ की गई, जिसमें समाज के लोगों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष फूलचंद गर्ग के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा को रवाना किया गया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस शोभायात्रा में सजी विभिन्न धार्मिक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनका जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इस धार्मिक आयोजन में अनूप गर्ग, दीपक गर्ग, हरिओम गर्ग, राकेश बंसल, नीरज गर्ग, लक्ष्मण, घनश्याम गर्ग, चंद्रेश, दिलीप, राधेलाल, मनोज और संजय बंसल सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। साथ ही महिला मंडल की संरक्षक मंजू देवी, महामंत्री बीनू गर्ग, सपना बंसल, तनु, क्षमा, ऋचा, रेनू बंसल और पूजा जैन समेत बड़ी संख्या में महिला सदस्याओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।