बेटी वंशिका की गुहार लाई रंग, 24 घंटे में मुख्यमंत्री ने निभाया वादा; मां नारो देवी का शिमला से चंबा तबादला
चुराह, चंबा 06 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चुराह दौरे के दौरान एक बेटी से किया अपना वादा 24 घंटे के भीतर पूरा कर दिया। जेबीटी अध्यापिका नारो देवी की बेटी वंशिका की भावुक अपील के बाद उनकी मां का करीब 700 किलोमीटर दूर शिमला से चंबा तबादला कर दिया गया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री के चुराह दौरे के दौरान जेबीटी अध्यापिका नारो देवी की बेटी वंशिका ने अपनी मां का घर के नजदीक तबादला करवाने की गुहार लगाई थी। इस दौरान वह मुख्यमंत्री के सामने भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़ी। वंशिका ने मुख्यमंत्री से अपील की थी कि उनकी मां को घर के नजदीक तैनात किया जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।
बेटी की भावुक अपील सुनने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उसे मां की घर के नजदीक तैनाती का आश्वासन दिया था।
अब स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 5 नवंबर 2026 को पांच प्रतिशत स्थानांतरण नीति के तहत तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेशों के अनुसार जेबीटी अध्यापिका नारो देवी का तबादला शिमला जिले के जीपीएस सोबल, नेरवा से चंबा जिले के जीपीएस चंडरू, शिक्षा खंड तीसा में किया गया है।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद जारी हुए इन आदेशों से मां-बेटी को बड़ी राहत मिली है। वहीं, यह मामला चुराह दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के सामने रखी गई एक बेटी की भावुक गुहार और उसके बाद हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर चर्चा में है।
Sukhvinder Singh Sukhu CMO Himachal
Chamba, Chamba | Nov 6, 2026