दशहरा-दीपावली से पहले पुलिस की कार्रवाई, 18 गुंडा-बदमाशों को कोतवाली बुलाकर दी हिदायत
बोले सुधार जाए, अपराध न करने की हिदायत देते हुए दिलाई शपथ, 54 निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों को जारी किए नोटिस
दमोह। आगामी दशहरा और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने शहर के निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार दोपहर 3 बजे एसपी आनंद कलादगी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में 18 बदमाशों को कोतवाली बुलाकर उनकी परेड कराई गई और उन्हें सख्त हिदायत दी गई।
सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से आगामी त्योहारों को देखते हुए निगरानीशुदा और गुंडा बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। बुधवार को कोतवाली टीआई मनीष कुमार के नेतृत्व में 18 बदमाशों को थाने बुलाया गया।
पुलिस ने सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहारों के दौरान यदि किसी ने आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता दिखाई या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनन और जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी।
Damoh, Damoh | Oct 15, 2026