भव्य आगाज को तैयार श्रीनगर का ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला, मुख्यमंत्री धामी करेंगे शुभारंभ
23 नवंबर से 2 दिसंबर तक सजेगा मेले का मंच, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय उत्तराखंडी कलाकारों को मिलेगा विशेष अवसर; महापौर आरती भंडारी बोलीं- मेले को यादगार बनाने में नहीं छोड़ेंगे कोई कमी
लोकगायिका हेमा नेगी करासी की भजन संध्या से सजेगी पहली शाम
श्रीनगर गढ़वाल। धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और गढ़वाल की गौरवशाली परंपराओं का प्रतीक श्रीनगर का ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 भव्य आगाज के लिए तैयार है। सोमवार (23 नवंबर) को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आवास विकास स्थित मेला मैदान में प्रातः 10 बजे मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले को यादगार बनाने के लिए नगर निगम श्रीनगर ने व्यापक तैयारियां की हैं।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा विशेष मंच, लोकसंस्कृति को मिलेगी नई पहचान : महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि श्रीनगर की आस्था, संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली पहचान का प्रतीक है। इस बार मेले को विशेष रूप से स्थानीय प्रतिभाओं और उत्तराखंडी लोकसंस्कृति को समर्पित करने का प्रयास किया गया है। स्थानीय उत्तराखंडी कलाकारों को विशेष मंच और अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि उनकी प्रतिभा को पहचान मिले और गढ़वाल की समृद्ध लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच मिल सके।
उन्होंने कहा कि मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा। नगर निगम का प्रयास है कि स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ आमजन, युवाओं, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी मेले से जुड़ने का अवसर मिले। इसके लिए आयोजन को अधिक आकर्षक और जनभागीदारी वाला बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।
एक QR कोड से मिलेगी मेले की पूरी जानकारी और लोकेशन : मेले को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की दिशा में भी नगर निगम ने पहल की है। इस बार मेले का विशेष QR कोड लॉन्च किया गया है। इसे मोबाइल से स्कैन करते ही लोगों को मेले से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और आयोजन स्थल की लोकेशन उपलब्ध हो सकेगी। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी मेले तक पहुंचने तथा कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी।