जिले में पर्यटन एवं उद्योग की संभावनाओं को बढ़ावा देने, स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों, उद्यमियों एवं प्रतिभाशाली लोगों को प्रोत्साहित करने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 06 नवंबर 2026 को श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम, जमुई में 'हुनर हाट' का आयोजन किया गया। दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित इस विशेष मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य पदार्थों, घरेलू उपयोग की वस्तुओं एवं पर्व-त्योहारों से जुड़ी सामग्रियों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए। मेले में बड़ी संख्या में जिलेवासियों की सहभागिता देखने को मिली।
हुनर हाट में तमकुलिया के पारंपरिक सूप-दउरा एवं बांस शिल्प, घनवेरिया का प्रसिद्ध पेड़ा, जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों, स्थानीय कारीगरों एवं उद्यमियों के हस्तनिर्मित सामानों के साथ पर्यवेक्षण गृह के बच्चों द्वारा तैयार मोमबत्तियों को विशेष स्थान दिया गया। इन उत्पादों के माध्यम से जिले की पारंपरिक कला, स्थानीय स्वाद और ग्रामीण उद्यमिता की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिली। लोगों ने स्थानीय उत्पादों की खरीदारी में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा, जिसमें मेले में आए लोगों और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों ने मिलकर अपनी गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। इसने आयोजन को केवल खरीदारी और बिक्री तक सीमित न रखकर स्थानीय प्रतिभाओं एवं लोकसंस्कृति के उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
कल आयोजित हुनर हाट का उद्देश्य जिले के स्थानीय प्रतिभाओं एवं पारंपरिक हुनर को पहचान, प्रोत्साहन और आर्थिक अवसर प्रदान करना है। इसके माध्यम से लोगों को अपनी सृजनात्मक क्षमता पहचानने तथा उसे आजीविका से जोड़ने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी क्रम में पर्यवेक्षण गृह के बच्चों द्वारा अपने श्रम एवं कौशल से तैयार मोमबत्तियों को बिक्री के लिए प्रदर्शित किया गया। यह उनके सुधारात्मक एवं पुनर्वास प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से उन्हें श्रम की गरिमा, परिश्रम से आय अर्जित करने तथा उद्यमशीलता एवं सृजनशीलता का महत्व समझने का अवसर मिल रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जमुई की पारंपरिक शिल्पकला, छठ महापर्व से जुड़ी हस्तनिर्मित सामग्रियों एवं स्थानीय खाद्य उत्पादों को व्यापक पहचान और बाजार उपलब्ध कराकर पर्यटन, उद्योग, रोजगार तथा स्थानीय कारीगरों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जाए।
जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा जिले की पर्यटन संभावनाओं के विकास, स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार, पारंपरिक कला एवं शिल्प के संरक्षण तथा जनभागीदारी आधारित विकास को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। जमुई हुनर हाट इसी व्यापक प्रयास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। जिला प्रशासन की परिकल्पना है कि जमुई के स्थानीय उत्पादों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर उन्हें व्यापक पहचान और विपणन के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा जिले की सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
General Administration Department, Govt. of Bihar
Jamui, Bihar | Nov 7, 2026