🚨देहरादून: 17 साल से पुलिस को दे रहा था चकमा, आखिरकार पश्चिम बंगाल से दबोचा गया एक लाख का इनामी कुख्यात बदमाश
उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए करीब 17 साल से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर शौकत अली को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2009 में देहरादून के बसंत विहार में ओएनजीसी के महाप्रबंधक के घर हुई हथियारबंद लूट की घटना में वांछित था। इसके अलावा हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मुकदमे में भी उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 23 जुलाई 2009 को पांच हथियारबंद बदमाशों ने बसंत विहार स्थित ओएनजीसी महाप्रबंधक नरेंद्र कुमार वर्मा के घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें से चार को पुलिस ने 6 अगस्त 2009 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि शौकत अली फरार हो गया था।
लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचने पर पहले आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया। आरोपी अपनी पहचान छिपाकर दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार ठिकाने बदलता रहा।
इसी बीच ऑपरेशन प्रहार के तहत एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस को सूचना मिली कि शौकत अली पश्चिम बंगाल के कोलकाता क्षेत्र में पहचान छिपाकर टाइल्स और पत्थर लगाने का काम कर रहा है। इसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे थाना भाटपाड़ा, जनपद उत्तर 24 परगना से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शौकत अली (54) निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी देहरादून और हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मामलों में करीब 17 वर्षों से वांछित चल रहा था।
एसटीएफ और दून पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। उत्तराखंड पुलिस का वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी है।
#UttarakhandPolice #DehradunPolice #UttarakhandSTF #OperationPrahhar #newsmafiya #WantedCriminal #RewardedCriminal #ShaukatAli #CrimeNews #DehradunNews #WestBengalArrest