माननीय मुख्यमंत्री ने राज्य के एक करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की ₹1,205.91 करोड़ की राशि, नवादा के 2,52,402 पेंशनधारियों को भी मिला लाभ*
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज बिहार के एक करोड़ से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रति लाभार्थी ₹1,100 की दर से कुल ₹1,205.91 करोड़ की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी पात्र सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाती है। सरकार का उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के माध्यम से वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन को सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाना है।
उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की उपस्थिति में समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में किया गया। इस दौरान उपस्थित पेंशनधारियों एवं पदाधिकारियों ने माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन तथा पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
इस अवसर पर प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नवादा सुश्री प्रियंका प्रियदर्शनी ने बताया कि नवादा जिले में कुल छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं, जिनके अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या निम्नवत है :-
1. बिहार राज्य निशक्तता पेंशन योजना – 30,140 लाभार्थी।
2. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना – 1,493 लाभार्थी।
3. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना – 51,089 लाभार्थी।
4. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना – 4,723 लाभार्थी।
5. लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – 28,587 लाभार्थी।
6. मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना – 1,36,370 लाभार्थी।
इस प्रकार नवादा जिले में कुल 2,52,402 (दो लाख बावन हजार चार सौ दो) सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी हैं, जिन्हें डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का भुगतान किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री शंभू शरण पाण्डेय, गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार, अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित थे।
Rajauli, Nawada | Nov 10, 2026