समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 30 सितम्बर 2026
“परामर्श से परिवार में लौटी खुशियाँ”
सुनीता कुमारी अपने पति एवं बच्चों के साथ वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रही थी। कुछ समय से उसके पति राकेश कुमार द्वारा शराब का सेवन करने, घर में विवाद करने तथा सुनीता के साथ मारपीट एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पति के किसी अन्य महिला से संबंध होने की बात को लेकर भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पति की शराब की आदत एवं घरेलू विवाद से परेशान होकर सुनीता मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगी। परिवार के बच्चों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। पति द्वारा परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त सहयोग नहीं किए जाने तथा घरेलू खर्च को लेकर भी विवाद की स्थिति बनी रहती थी।
वन स्टॉप सेंटर में हस्तक्षेप
पारिवारिक विवाद से परेशान होकर सुनीता सखी वन स्टॉप सेंटर पहुँची और अपनी समस्या से केंद्र के पदाधिकारियों को अवगत कराया। केंद्र द्वारा उसकी बात को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुना गया तथा उसे आवश्यक परामर्श एवं मनोसामाजिक सहयोग प्रदान किया गया। केंद्र की ओर से विपक्षी पक्ष अर्थात पति को भी परामर्श हेतु बुलाया गया। प्रारंभ में पति की अनुपस्थिति के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में पति के उपस्थित होने पर दोनों पक्षों की अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान पति को शराब का सेवन कम/बंद करने, पत्नी के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, मारपीट एवं किसी भी प्रकार की हिंसा से दूर रहने तथा परिवार की आवश्यकताओं की जिम्मेदारी निभाने के संबंध में समझाया गया। सुनीता को भी अपने अधिकारों, उपलब्ध सहायता एवं सुरक्षित तरीके से वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने के संबंध में जानकारी दी गई।
लगातार परामर्श के बाद दोनों पक्षों ने अपनी गलतफहमियों एवं विवाद को समाप्त कर आपसी सहमति से वैवाहिक जीवन को आगे बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की। दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर समझौता/शपथ-पत्र तैयार किया गया तथा पति ने भविष्य में पत्नी के साथ हिंसा नहीं करने एवं परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की सहमति दी।
परिणाम:-
वन स्टॉप सेंटर के परामर्श एवं हस्तक्षेप से पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने में सहायता मिली। पीड़िता को अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी प्राप्त हुई तथा परिवार में पुनः संवाद एवं आपसी समझ का वातावरण बना। इस प्रकार, सखी वन स्टॉप सेंटर के समय पर किए गए परामर्श एवं सहयोग से एक परिवार को टूटने से बचाने तथा पीड़िता को सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन की दिशा में आगे बढ़ने में सहायता मिली।
"समय पर मिला सही परामर्श, संवेदनशील सहयोग और अपने अधिकारों की जानकारी परिवार में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।"
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Buxar Administration Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #CMOBihar #samratchoudhary #CMO #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 30, 2026