माध्यमिक विद्यालय नौवा में बदहाली का आलम, अव्यवस्था का वीडियो बनाने पर युवक को पीटा
रीवा मंनगवा विधानसभा के ग्राम नौवा शासकीय माध्यमिक विद्यालय नौवा में व्याप्त बदहाली और मध्याह्न भोजन में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। स्कूल परिसर की अव्यवस्थाओं की लाइव वीडियो बना रहे एक स्थानीय ग्रामीण पर स्वसहायता समूह संचालक और उसके साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा रोष है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के प्रभात मिश्रा स्कूल की बदहाली को उजागर करने के लिए परिसर पहुंचे थे। पीड़ित ने बताया कि पिछले चार सालों से स्कूल का अपना भवन अधूरा पड़ा है और कक्षाएं आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल के रसोईघर में शराब की खाली बोतलें व अन्य आपत्तिजनक वस्तुएं पड़ी थीं। बच्चों का कहना है कि उन्हें केवल पानी जैसी दाल और चावल ही खाने को दिया जाता है।
पीड़ित प्रभात मिश्रा ने बताया कि जब वे छुट्टी के समय स्कूल की दुर्दशा का लाइव वीडियो बना रहे थे, तभी मध्याह्न भोजन संचालित करने वाले समूह संचालक अजय तिवारी (पम्मू) और उनके दो अन्य साथियों ने फावड़े के बेट से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित को गंभीर चोटें आई हैं।
समूह रद्द करने और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से मांग की है कि दोषी समूह संचालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करते हुए समूह का आवंटन तत्काल निरस्त किया जाए तथा अधूरे पड़े स्कूल भवन का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए।