पूर्व सीएम नीतीश कुमार का राजद में स्वागत करने को तैयार पार्टी: भाई वीरेंद्र।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और फांसी देने की मांग।
बिहार और बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की उठाई मांग।
शेखपुरा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधानसभा की लोक लेखा समिति के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग।
उन्होंने कथित वोट चोरी का आरोप लगाते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल में हाल ही में संपन्न चुनावों को रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की भी मांग की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को फांसी देने की मांग भी उठाई।
रविवार को शेखपुरा के सर्किट हाउस में स्थानीय पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाई वीरेंद्र ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के साथ ऐसा व्यवहार माफी के योग्य नहीं है।
भाई वीरेंद्र ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं की जाती, तब तक राजद का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी सड़क से लेकर न्यायालय तक अपनी लड़ाई तेज करेगी। इसके साथ ही दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करने की भी तैयारी की जा रही है।पत्रकारों से बातचीत के दौरान भाई वीरेंद्र ने राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अपराध की घटनाओं से ध्यान हटाने के लिए सरकार एक जाति विशेष को निशाना बनाकर उसके लोगों का एनकाउंटर कर रही है, जबकि अन्य मामलों में आरोपित अपराधियों के खिलाफ नरमी बरती जा रही है। उन्होंने सरकार की इस कथित दोहरी नीति पर सवाल उठाए।
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजद में शामिल होने की संभावना से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि उनकी पार्टी नीतीश कुमार का स्वागत करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पहले भी दो बार राजद में आ चुके हैं। यदि वह एक बार फिर राजद में आते हैं, तो पार्टी की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।
इस मौके पर शेखपुरा के पूर्व विधायक विजय सम्राट , शंभू यादव, संजय सिंह, भावेश भारती, राजेन्द्र यादव सहित राजद के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#राजद #बिहार #arvindanand #भाईवीरेन्द्र #sheikhpurakhabar #bihar #RJD #Sheikhpura