शेखपुरा पहुंचे पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश।
तीर्थ स्थलों पर पुलिस तैनात।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) राकेश कुमार शनिवार को शेखपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर जिले में लंबित कांडों की समीक्षा की और विभिन्न मामलों की जांच-पड़ताल की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीआईजी राकेश कुमार ने बताया कि जिले में लंबित मामलों की समीक्षा की गई है। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। डीआईजी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने डायल 112 की व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा पुलिस दीदी सहित अन्य पुलिस सेवाओं को और बेहतर तरीके से संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आगामी दुर्गा पूजा को लेकर सख्त निर्देश दिए।
प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
जिले के सभी प्रमुख तीर्थ स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इन स्थलों पर डायल 112 की टीम, पुलिस दीदी और जिला पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।
डीआईजी के शेखपुरा दौरे को जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।