दो दिवसीय चांदी पहाड़ पर शबरी माता मंदिर मेला का उद्घाटन, राजकीय मेला का दर्जा देने की उठी मांग।
शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड क्षेत्र स्थित चांदी पहाड़ पर भादो पूर्णिमा के अवसर पर दो दिवसीय शबरी माता मंदिर मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान राम-लक्ष्मण शबरी माता मंदिर आश्रम मेला का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बिहार राज्य महादलित आयोग के सदस्य मुकेश मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विधान पार्षद (MLC) ललन प्रसाद ने शिरकत की।देवन मुखिया के नेतृत्व में अतिथियों का अभिनंदन किया गया। मंच का संचालन भोला मांझी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता लालजीत मांझी ने की।
राजकीय मेला का दर्जा देने की मांग उठाई।
मुख्य अतिथि मुकेश मांझी ने कहा कि शेखपुरा जिले के चांदी पहाड़ पर शबरी माता मंदिर मेला का आयोजन कई वर्षों से किया जा रहा है। इस मेले से लोगों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और मंत्री संतोष मांझी भी पूर्व में इस कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं।
विशिष्ट अतिथि MLC ललन प्रसाद ने कहा कि शेखपुरा जिले में चांदी पहाड़ ही वह प्रमुख स्थल है, जहां शबरी माता मेला का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मेले को राजकीय दर्जा मिलना चाहिए, जिससे इसके विकास और विस्तार का मार्ग प्रशस्त हो सके। उन्होंने मंदिर और मेला स्थल के विकास के लिए हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
देवन मुखिया ने बताया कि चांदी पहाड़ पर भव्य मंदिर का निर्माण, पेयजल की व्यवस्था, आवागमन के लिए बेहतर रास्ता, यात्री शेड, कुंड का विकास, पेड़-पौधे लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की जरूरत है। इन सुविधाओं के विकसित होने से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और श्रद्धालुओं को भी सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में ललन प्रसाद, मुकेश मांझी, देवन मुखिया, भोला मांझी, लालजीत मांझी, कमलेश प्रसाद, अवधेश पासवान सुनील कुमार, मनोज यादव, बचन मांझी, मौजे मांझी, सुरेश मांझी, उपेंद्र मांझी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।