मिरांडा स्कूल की ‘सार्थक दीपावली’ से रोशन हुआ बनोदीया गांव, जरूरतमंद परिवारों को बांटी राशन किट
विद्यार्थियों ने अपने हाथों से पहुंचाई खुशियों की सौगात, निःशुल्क चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
उदयपुर। दीपावली की खुशियां हर घर तक पहुंचाने और समाज में सेवा एवं मानवता का संदेश देने के उद्देश्य से मिरांडा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर की ओर से बनोदीया गांव में ‘सार्थक दीपावली 2026’ अभियान के तहत विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की ओर से पिछले आठ वर्षों से संचालित इस अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को दीपावली राशन किट वितरित की गईं। साथ ही ग्रामीणों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) उदयपुर डॉ. अशोक आदित्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपभोक्ता सेवा संस्थान के डॉ. महेंद्र सिंह, दलपत सिंह जैन, करणमल जारोली, प्रकाश जैन, सिमरन गखरेजा, मैट्रिक्स वेब इन्फोटेक के दीपक चौधरी तथा FSGR संस्था के जिग्नेश जी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी पहलू यह रहा कि मिरांडा स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वयं जरूरतमंद परिवारों तक राशन किट पहुंचाईं। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाया गया। राशन किट पाकर जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर खुशी नजर आई।
वहीं, निःशुल्क चिकित्सा शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों तक सहायता और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के ऐसे प्रयास समाज के लिए महत्वपूर्ण हैं।
द सक्सेस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एवं मिरांडा स्कूल के निदेशक डॉ. दिलीप सिंह यादव ने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल अपने घरों में दीप जलाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों और उम्मीद का उजाला फैलाना है। विद्यालय का प्रयास है कि कोई भी परिवार त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे। विद्यार्थियों के माध्यम से सेवा और मानवता के संस्कार विकसित करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, उपभोक्ता सेवा संस्थान, मैट्रिक्स वेब इन्फोटेक, FSGR संस्था एवं अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
‘दीपावली सबकी है, खुशियां भी सबकी हों’ के संदेश के साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज को यह प्रेरणा दी कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उनकी खुशियां जरूरतमंदों तक भी पहुंचें।