अजरौंदा के राशन डिपो में बड़ी गड़बड़ी, 415 क्विंटल गेहूं सहित भारी मात्रा में स्टॉक कम मिला
फरीदाबाद A2z न्यूज़ update, आप की आवाज़ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता फरीदाबाद की टीम ने बुधवार को गांव अजरौंदा में राशन डिपो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक राशन डिपो में ऑनलाइन स्टॉक और मौके पर उपलब्ध राशन के मिलान में भारी अंतर सामने आया। टीम के अनुसार डिपो में करीब 415 क्विंटल गेहूं, 121 क्विंटल बाजरा, 3,800 लीटर सरसों तेल और 2 क्विंटल चीनी का स्टॉक कम पाया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को सूचना मिली थी कि गांव अजरौंदा में राशन डिपो धारक सरकारी राशन के वितरण में अनियमितता बरत रहे हैं और राशन की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) कार्यालय की टीम के साथ राधा स्वामी सत्संग सेंटर के नजदीक स्थित राशन डिपो पर छापेमारी की।
टीम ने पहले राशन डिपो धारक प्रेम सिंह के स्टॉक का मिलान किया। ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार गेहूं, चीनी और सरसों तेल का जितना स्टॉक होना चाहिए था, भौतिक निरीक्षण में उतना ही पाया गया। इस दौरान प्रेम सिंह के डिपो में कोई अनियमितता नहीं मिली।
इसके बाद संयुक्त टीम ने साथ बने कमरों में स्थित राशन डिपो धारक सुमित के स्टॉक की जांच की। सुमित को मौके पर बुलाने के लिए कई बार संपर्क किया गया, लेकिन वह निरीक्षण के दौरान उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद राशन डिपो का निरीक्षण प्रेम सिंह और सुमित के मकान मालिक की मौजूदगी में किया गया।
जांच के दौरान ऑनलाइन रिकॉर्ड के मुताबिक डिपो में 551 क्विंटल गेहूं, 2 क्विंटल चीनी, 3805 लीटर सरसों तेल और 121 क्विंटल बाजरा होना चाहिए था। वहीं भौतिक निरीक्षण में रिकॉर्ड के मुकाबले भारी मात्रा में स्टॉक कम मिला। टीम के अनुसार गेहूं करीब 415 क्विंटल, सरसों तेल करीब 3800 लीटर, बाजरा 121 क्विंटल और चीनी करीब 2 क्विंटल कम पाई गई।
पूछताछ में सामने आया कि सरकारी राशन को पिछले करीब एक महीने से इसी स्थान पर रखकर वितरित किया जा रहा था। टीम ने आरोप लगाया कि वास्तविक कार्ड धारकों को राशन वितरित करने के बजाय सरकारी राशन की कालाबाजारी किए जाने की नीयत से उसे बेचा जा रहा था।
स्टॉक में भारी कमी पाए जाने के बाद खाद्य निरीक्षक रूप चंद की शिकायत पर राशन डिपो धारक सुमित के खिलाफ थाना सेंट्रल फरीदाबाद में मामला दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जाएगी।
Faridabad, Faridabad | Aug 26, 2026