जिले की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन विकास पर मंथन
..
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक में पर्यटन विकास के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा हुई
..
जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने की। इस दौरान जिले के पुरातात्विक स्थलों के संरक्षण, पर्यटन विकास, सांस्कृतिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पुरातत्व एवं संरक्षण वाले प्रमुख स्थलों पर लाइट एंड साउंड शो की संभावनाओं, पुरातात्विक मूर्तियों की सुरक्षा, अतिक्रमण रोकने, विजय मंदिर-विजय मंडल में व्याख्या केंद्र विकसित करने, ग्यारसपुर स्थित माला देवी मंदिर, चौसठ योगिनी मंदिर के जीर्णोद्धार, बिखरी हुई पुरासंपदा के संरक्षण तथा बटेश्वर मंदिर समूह तक पहुंच मार्ग एवं पर्यटक सुविधाओं के विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
पर्यटन विकास की समीक्षा के दौरान पर्यटन सर्किट को एकीकृत करने, आवास, शौचालय, पेयजल, पार्किंग, साइनेज, क्यूआर आधारित ऑडियो गाइड, डिजिटल प्रचार-प्रसार, होम स्टे एवं रूरल होम स्टे को बढ़ावा देने तथा स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने के संबंध में पर्यटन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में संस्कृति एवं आयोजनों के अंतर्गत बेतवा महोत्सव सहित वार्षिक सांस्कृतिक आयोजनों की समीक्षा की गई। साथ ही लोककला एवं हस्तशिल्प को बाजार और मंच उपलब्ध कराने, संग्रहालयों के डिजिटल उन्नयन तथा स्कूलों में विरासत जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील पुरातात्विक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, अतिक्रमण हटाने और सीमांकन कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में जानकारी दी गई कि उदयपुर मंदिर में शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।
सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने श्रावण मास में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उदयपुर मंदिर में सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पांडुलिपियों के संरक्षण पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा परिषद में उपस्थित अधिकारियों एवं पुरातत्व विशेषज्ञों द्वारा सुझाए गए विभिन्न प्रस्तावों पर प्रस्तुतीकरण के साथ विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पर्यटन विभाग, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पर्यटन एवं पुरातत्व से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे। #vidisha #JansamparkMP
9 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 23, 2026