नव्या योजना की 40 बालिकाओं ने वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी का किया शैक्षणिक भ्रमण, औद्योगिक कार्यप्रणाली से हुए रूबरू
..
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित नव्या योजना अंतर्गत 40 बालिकाओं का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण वर्धमान फैब्रिक्स, बुधनी में कराया गया। भ्रमण का उद्देश्य बालिकाओं को औद्योगिक कार्यप्रणाली, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान बालिकाओं ने वर्धमान फैब्रिक्स में कपड़ा निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने धागे से कपड़ा तैयार होने तक की विभिन्न उत्पादन इकाइयों, अत्याधुनिक मशीनों, गुणवत्ता परीक्षण तथा पैकेजिंग व्यवस्था को निकट से देखा। संस्थान के अधिकारियों द्वारा बालिकाओं को वस्त्र उद्योग में उपलब्ध रोजगार एवं कौशल विकास के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा उनके प्रश्नों का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर आईटीआई की प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी ने बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री संतोष रघुवंशी ने बालिकाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण उनके व्यक्तित्व विकास, करियर चयन एवं रोजगार संबंधी जानकारी को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भ्रमण के उपरांत बालिकाओं ने इसे अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव बताते हुए आधुनिक उद्योगों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नव्या योजना के माध्यम से बालिकाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। #vidisha
5 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jul 23, 2026