विधायक ने जल जीवन मिशन के प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी, ग्रामीणों में सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता का होगा व्यापक प्रसार
..
जल जीवन मिशन के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखंड विदिशा में योजना के व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। क्षेत्रीय विधायक श्री मुकेश टंडन ने अपने निज निवास से प्रचार रथ को रवाना करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए जनभागीदारी और जागरूकता अत्यंत आवश्यक है।
प्रचार रथ के माध्यम से विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में भ्रमण कर ग्रामीणों को जल जीवन मिशन की प्रमुख गतिविधियों, हर घर नल से जल उपलब्ध कराने की व्यवस्था, पेयजल स्रोतों के संरक्षण, जल की गुणवत्ता, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल संरक्षण के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लोगों को सुरक्षित पेयजल अपनाने एवं जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के उद्देश्यों, योजनाओं एवं उनके लाभों से अवगत कराया जाएगा, जिससे योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने जल संरक्षण एवं सुरक्षित पेयजल के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। #vidisha