घुटनों तक पानी, घरों से निकलना मुश्किल; वार्ड नंबर 6 के लोगों की बढ़ी परेशानी: पालिका प्रशासन ने दिया जल्द समाधान का आश्वासन
उरई, जालौन। बारिश के बाद नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर 6 के तुफैलपुरवा और इंद्रानगर मोहल्ले में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से स्थानीय लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जलभराव ने बच्चों की पढ़ाई से लेकर मजदूरों के रोजगार तक को प्रभावित कर दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मोहल्ले में पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी कई घंटों तक गलियों में जमा रहता है। हालात यह हैं कि लोगों को पानी के बीच से होकर आने-जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बच्चों का स्कूल जाना प्रभावित हो रहा है, वहीं रोज कमाने-खाने वाले मजदूर भी काम पर नहीं पहुंच पा रहे हैं।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। जलभराव के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसी दौरान करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा, "साहब, हम मर जाएंगे... हमारी समस्या कब सुनी जाएगी?" बुजुर्ग की यह पीड़ा इलाके की बदहाल स्थिति को बयां करती नजर आई।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। अब लोगों की निगाहें जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। हालांकि पालिका प्रशासन ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026