बेटी ने पिता पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप, सुरक्षा की गुहार!
कोंच। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक किशोरी ने अपने ही पिता के खिलाफ पुलिस को शिकायती पत्र देकर शराब के नशे में उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
किशोरी के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे उसके पिता शराब के नशे में घर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने उसके साथ कथित रूप से जबरदस्ती करने का प्रयास किया। किशोरी ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायत में किशोरी ने अपनी सौतेली मां पर भी पिता का पक्ष लेने और उस पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद किशोरी खुद को भयभीत बता रही है और उसे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोरी अपने दादा के साथ कोंच कोतवाली पहुंची और पुलिस से कार्रवाई के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, एक किशोरी ने अपने पिता पर नशे की हालत में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Aug 23, 2026