कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर ग्राम धमधोली में खुला आधा किलोमीटर आम रास्ता
तहसील नरवर के ग्राम धमधोली में लगभग 50 वर्ष पुराने पारंपरिक आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हटा दिया गया है। जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाकर रास्ते को आवागमन हेतु बहाल कराया।
ग्राम धमधोली के ग्रामीणों ने जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा समझ आवेदन प्रस्तुत कर अवगत कराया था कि गांव के सर्वे नंबर 1302 स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने रूढ़िगत रास्ते को कुछ कृषकों द्वारा जबरन बंद कर दिया गया है। अतिक्रमणकारियों द्वारा रास्ते पर धान की फसल बो दिए जाने के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों एवं मरीजों का आवागमन पूर्णतः बाधित हो गया था।
शिकायत की संवेदनशीलता और जन-सामान्य की असुविधा को देखते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने तहसीलदार नरवर को तत्काल मौके पर पहुंचकर रास्ता खुलवाने के सख्त निर्देश दिए। निर्देशों के परिपालन में तहसीलदार श्री विजय कुमार त्यागी ने राजस्व और पुलिस बल के साथ स्थल पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अतिक्रमित फसल को हटवाया। इसके पश्चात लगभग आधा किलोमीटर लंबे मार्ग पर चूना लाइन डलवाकर ग्रामीणों के लिए आवागमन पूर्ण रूप से बहाल कराया गया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामवासियों को बड़ी राहत मिली है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम रास्तों पर अवैध कब्जे या अतिक्रमण जैसी गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में दोबारा रास्ता रोकने या अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया, तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Collector Shivpuri
#shivpuri
Shivpuri, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026