अनुसूचित जाति वर्ग के विकास हेतु संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए
मप्र राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न
-------
-------
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण और विकास के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए सभी विभाग पूर्ण तत्परता से कार्य करें। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया।
बैठक में आयोग के सदस्य श्री अहिरवार द्वारा अनुसूचित जाति विकास की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी। उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा जिले में संचालित छात्रावासों की जानकारी लेते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराएं। छात्रावासों में रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच की जाए, बच्चों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए तथा बेहतर शैक्षणिक परिवेश रहे। उन्होंने छात्रवासों का नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के बच्चों के जाति प्रमाण पत्र संबंधी लंबित आवेदनों की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जाति प्रमाण पत्र संबंधी आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। साथ ही अन्य दस्तावेज बनाने में आ रहीं कठिनाईयों को भी निराकृत कराएं। बैठक में आयोग के सदस्य श्री अहिरवार ने कहा कि आयोग में लंबित जिले से संबंधित प्रकरणों में शीघ्रता से आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रतिवेदन राज्य अनुसूचित जाति आयोग भिजवाएं। जिन प्रकरणों का निराकरण हो गया है, उनका प्रतिवेदन भी भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि विभाग, वन विभाग, शहरी विकास, पशुपालन सहित अन्य विभागों की पृथक-पृथक समीक्षा कर संबंधित जिला अधिकारियों से जानकारी लेते हुए योजनाओं के प्रभावी कियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, आदिम जाति कल्याण विभाग की जिला संयोजक सुश्री सीमा नरवरिया सहित कृषि, शहरी विकास, वन विभाग, पशुपालन, स्कूल शिक्षा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen Department of Tribal Welfare, Madhya Pradesh
19 views | Raisen, Madhya Pradesh | Jul 10, 2026