नवजागृति स्कूल के सामने बड़ा हादसा: निर्माणाधीन नाले में जा गिरा तेज रफ्तार थार, बाल-बाल बचा चालक
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस, राहगीरों का लगा जमावड़ा
दमोह। शहर के नवजागृति स्कूल के सामने गुरुवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर सीधे निर्माणाधीन नाले में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था बनाते हुए वाहन को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। बाद में गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया।
घटना के संबंध में वैशाली नगर निवासी थार चालक वैभव सिंह ठाकुर ने बताया कि वह अपनी कार क्रमांक MP 20 ZB 0003 से घर की ओर जा रहे थे, तभी सड़क पर पाइप पड़ा होने और नाले के आसपास बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सीधे निर्माणाधीन नाले में गिर गया। उन्होंने निर्माण कार्य कर रही कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में चालक को किसी तरह की चोट नहीं आई। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और स्थानीय लोगों की मदद से कार्रवाई पूरी की। जिसके बाद मौजूद लोगों और कार चालक ने राहत की सांस ली।
Damoh, Damoh | Jun 5, 2026