जनजातीय टोलों में विकास की दस्तक, डीएम ने सुनी ग्रामीणों की पुकार
लखीसराय। सूर्यगढ़ा प्रखंड के राजघाट कोल अंतर्गत विभिन्न जनजातीय टोलों में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। काशी टोला कोरासी, घोघर घाटी कोरासी, कनिमोह कोरासी एवं शीतला कोरासी टोला में ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी सुनीं। इस दौरान पर्यावरण एवं वन विभाग की ओर से जनजातीय किसानों के बीच कटहल, आंवला, शरीफा, अमरूद और केला समेत कुल 600 पौधों का वितरण किया गया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने क्षेत्र में चल रहे पीसीसी ढलाई और बीएसएनएल टावर निर्माण कार्य की जानकारी ली। बताया गया कि ये कार्य केंद्र सरकार की उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र विकास के लिए विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत कराया जा रहा है। पेयजल सुविधा के लिए डीप बोरिंग का कार्य पूरा हो चुका है। डीएम ने घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने दो स्थानों पर चबूतरा निर्माण, पीएचसी की सुविधा, विद्यालय के लिए अलग भवन और सड़क निर्माण सहित कई मांगें रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। क्षेत्र में सोलर लाइट और विद्युत तार की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया गया।
डीएम ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य और आजीविका से संबंधित कार्यों को क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता दी जाएगी। राजघाट को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के निर्माण के लिए वन विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।
क्षेत्र में करीब 100 से 150 परिवारों वाले टोलों में बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए वर्तमान में संचालित अस्थायी विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया। ग्रामीणों को बाल विवाह नहीं करने और इसके खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई। इस दौरान जीविका दीदियों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद कर आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली गई।
जनजातीय क्षेत्र में विकास कार्यों से बदलती तस्वीर पर डीएम ने जिला एवं स्थानीय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। साथ ही बीएसएनएल टावर और पेयजल बोरिंग के निर्माण की पहल के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार जताया।
मौके पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी के रूपेश कुमार, सहायक निदेशक उद्यान राजीव रंजन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।