मंडल कारा का डीएम शैलेन्द्र कुमार ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुनी समस्याएं
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने शनिवार को मंडल कारा, लखीसराय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारा परिसर में आयोजित बंदी दरबार में भाग लेकर बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं के साथ-साथ जेल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि मंडल कारा में प्रत्येक दो माह पर नियमित रूप से बंदी दरबार का आयोजन किया जाना चाहिए। उन्होंने बंदियों के मानवीय, संवैधानिक और कानूनी अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बंदियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में शिक्षा, खेल, योग, चित्रकला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निरीक्षण के दौरान बंदी कल्याण पदाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने कारा में संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं सुधारात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बंदियों के दैनिक कार्यक्रम की शुरुआत योग से होती है। इसके अलावा चित्रकला, खेल, संगीत समेत अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं। बंदियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए लीगल एड क्लीनिक संचालित है और 24 घंटे पीएलवी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
युवा बंदियों के लिए संचालित है कारा पाठशाला
युवा एवं किशोर बंदियों के लिए अलग से कारा पाठशाला संचालित की जा रही है, जहां प्रतिनियुक्त शिक्षक द्वारा पढ़ाई कराई जाती है। एनआईओएस के माध्यम से 10वीं तथा इग्नू के माध्यम से 12वीं और उच्च शिक्षा के लिए नामांकन की सुविधा उपलब्ध है। पात्र बंदियों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन समेत अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
कारा में कैंटीन, चिकित्सकीय जांच एवं उपचार, विशेष आहार तथा जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था की जानकारी भी डीएम को दी गई। निरीक्षण के दौरान एक बंदी को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई।
पेयजल और कानूनी सहायता समेत कई समस्याएं रखीं
बंदी दरबार में बंदियों ने पेयजल, चापाकल की कमी, आरओ की समस्या, रोजगारपरक कार्यक्रम, सरकारी अधिवक्ता, कानूनी सहायता और परिजनों से संपर्क से जुड़ी समस्याएं डीएम के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जेल अधीक्षक रमेश प्रसाद ने भी मंडल कारा की व्यवस्थाओं और बंदियों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी। डीएम ने कारा प्रशासन को बंदियों के कल्याण एवं सुधार से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा कारा परिसर में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने औषधीय गुणों से भरपूर एवं सुगंधित पौधों का पौधरोपण भी किया। उन्होंने कारा प्रशासन द्वारा संचालित सुधारात्मक एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर सुधार की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए। ऐसे प्रयास बंदियों में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
#khabarlakhisarai
#lakhisaraibihar
#lakhisarai
Lakhisarai, Lakhisarai | Oct 4, 2026