मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के आदेशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशानुसार सर्किल जेल शिवपुरी में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं विधिक कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान उपस्थित बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह, निर्धन व गरीब बंदियों के लिए संचालित विधिक सेवा योजना, बंदियों के संवैधानिक व कानूनी अधिकार, जेल अपील प्रक्रिया, जेल मुलाकात हेल्प डेस्क, अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी तथा नालसा स्प्रूहा योजना के संबंध में जागरूक किया गया। अधिकारियों द्वारा बंदियों को बताया गया कि पैरवी हेतु आर्थिक रूप से असमर्थ बंदियों को शासन द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
विधिक साक्षरता शिविर के आयोजन के साथ ही सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी द्वारा सर्किल जेल शिवपुरी का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरकों का जायजा लिया और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं व कठिनाइयां सुनीं। सचिव द्वारा बंदियों की समस्याओं के त्वरित एवं उचित निराकरण हेतु जेल अधीक्षक/जेलर को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आयोजित कार्यक्रम व निरीक्षण के दौरान सर्किल जेल शिवपुरी के जेलर श्री सिरोमणि पाण्डेय, जेल का अधीनस्थ कर्मचारी अमला, पैरालीगल वालेंटियर श्री नीरू रावत तथा बड़ी संख्या में जेल में निरुद्ध बंदी उपस्थित रहे।
#shivpuri