कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री धीरेंद्र सिंह जादौन द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय शिवपुरी में पिंक ड्राइविंग लाइसेंस वितरण कैंप सह जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शैलजा लवंगीकर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता सत्र में बालिकाओं को बाल विवाह की रोकथाम के संबंध में विस्तार से बताया तथा आपातकालीन सहायता हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। वहीं बालिकाओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराते हुए कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में चुप न रहें, बल्कि डटकर गलत का मुकाबला करें, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त हो सकें।
105 बालिकाओं को मिले पिंक ड्राइविंग लाइसेंस, 40 नए पंजीयन
शिविर में पंजीकृत कुल 105 बालिकाओं को निःशुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान 40 नई बालिकाओं के पंजीयन भी किए गए, जिनके लाइसेंस जल्द ही तैयार कर उन्हें वितरित किए जाएंगे।
Jansampark Madhya Pradesh
Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh